Visitors have accessed this post 192 times.

हाथरस : सरकारी विद्यालयों में डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में निस्वार्थ सेवा संस्थान (रजि.) हाथरस ने एक और महत्वपूर्ण पहल की है। संस्थान ने अपनी “स्मार्ट क्लास पहल” के तहत संविलियन विद्यालय, चंदपा को एक एलईडी टीवी भेंट किया, जिससे विद्यालय के विद्यार्थियों को आधुनिक डिजिटल शिक्षण सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके बाद संस्थान के पदाधिकारियों ने विद्यालय को एलईडी टीवी सौंपा। विद्यालय के शिक्षकों ने बताया कि स्मार्ट क्लास के माध्यम से अब छात्रों को विज्ञान, गणित, सामान्य ज्ञान सहित विभिन्न विषयों की डिजिटल अध्ययन सामग्री, शैक्षिक वीडियो और इंटरैक्टिव कंटेंट उपलब्ध कराया जाएगा। इससे विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता और पढ़ाई में रुचि बढ़ने की उम्मीद है। निस्वार्थ सेवा संस्थान के अध्यक्ष सुनील अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा और तकनीक का समन्वय आवश्यक है। उनका उद्देश्य सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों को भी आधुनिक शिक्षण संसाधन उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि संस्थान पहले भी जनपद के कई सरकारी स्कूलों में स्मार्ट क्लास के लिए एलईडी टीवी उपलब्ध करा चुका है, जिससे हजारों छात्र-छात्राएं लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि संस्थान द्वारा कई विद्यालयों में टॉय रूम (Toy Room) स्थापित किए गए हैं, जहां छोटे बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शैक्षिक और मनोरंजक गतिविधियों की व्यवस्था की गई है। संस्थान का लक्ष्य शिक्षा को अधिक प्रभावी, रोचक और तकनीक आधारित बनाना है। विद्यालय परिवार ने इस सहयोग के लिए निस्वार्थ सेवा संस्थान का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्मार्ट क्लास की यह सुविधा विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। कार्यक्रम में संस्थान और विद्यालय के पदाधिकारी, शिक्षक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

INPUT – RAHUL SHARMA