Visitors have accessed this post 187 times.

हाथरस : श्रीकृष्ण गौशाला, गौशाला रोड पर शनिवार को सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञानयज्ञ का शुभारंभ भव्य एवं दिव्य मंगल कलश यात्रा के साथ हुआ। परम पूज्य आचार्य श्री वल्लभ जी महाराज के सान्निध्य में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्मलाभ प्राप्त किया। प्रातःकाल शांता मां मंदिर, मेंडू गेट से निकली कलश यात्रा भूरापीर सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई श्रीकृष्ण गौशाला पहुंची। यात्रा में महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर भगवान श्रीकृष्ण और राधारानी के जयघोष के साथ उत्साहपूर्वक सहभागिता की। नगरवासियों ने विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। सायंकाल कथा के प्रथम दिवस आचार्य श्री वल्लभ जी महाराज ने श्रीमद्भागवत महापुराण के माहात्म्य का विस्तार से वर्णन करते हुए कहा कि भागवत भगवान श्रीकृष्ण का साक्षात वाङ्मय स्वरूप है। उन्होंने कहा कि कलियुग में भक्ति, आत्मिक शांति और मोक्ष का सर्वोत्तम मार्ग श्रीमद्भागवत कथा का श्रद्धापूर्वक श्रवण है। कथा के दौरान उन्होंने भक्ति देवी, ज्ञान और वैराग्य के प्रसंग के साथ गोकर्ण एवं धुंधकारी की कथा का उल्लेख करते हुए बताया कि श्रद्धा और एकाग्रता से भागवत कथा सुनने से मनुष्य के पापों का नाश होता है तथा आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त होता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से कथा के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा मन, वचन और कर्म की पवित्रता बनाए रखने का आह्वान किया। कथा के प्रथम दिवस बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भागवत महात्म्य का श्रवण कर धर्मलाभ प्राप्त किया। इस अवसर पर अजय अग्रवाल, विष्णु अग्रवाल, अमित अग्रवाल, अनूप अग्रवाल, श्याम सुंदर शर्मा (बंटी भैया), अतुल अग्रवाल, पंकज खंडेलवाल, अनुपम अग्रवाल, राकेश बंसल, सीमा अग्रवाल, शीतल अग्रवाल, रेनू अग्रवाल, मीनाक्षी शर्मा, राशि संगीता, सुनन्या, रश्मि जैन, विनीत दुबे सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन समिति के श्री गोविंद बल्लभ ने बताया कि रविवार, 19 जुलाई को कथा के द्वितीय दिवस व्यास-नारद संवाद, भीष्म स्तुति एवं भगवान शिव-पार्वती विवाह का दिव्य प्रसंग सुनाया जाएगा। इस अवसर पर भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती के दिव्य विवाह की आकर्षक झांकियां भी प्रस्तुत की जाएंगी। समिति ने श्रद्धालुओं से सपरिवार उपस्थित होकर कथा-श्रवण एवं झांकियों के दर्शन करने की अपील की है।

INPUT – RAHUL SHARMA