Visitors have accessed this post 465 times.
हाथरस : 30 जुलाई 2026 सावन माह में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) ने गुरुवार को मुरसान रोड स्थित नगला नंदू एवं दयालपुर में स्थापित कांवड़ स्वास्थ्य शिविरों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण के समय चिकित्सा विभाग द्वारा तैनात सभी स्वास्थ्यकर्मी अपनी-अपनी ड्यूटी पर उपस्थित मिले। शिविरों में प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) के लिए आवश्यक दवाइयों, चिकित्सा उपकरणों तथा अन्य जरूरी स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता संतोषजनक पाई गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रियों को 24 घंटे निर्बाध चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्यकर्मी तीन शिफ्टों में अपनी सेवाएं दें। उन्होंने कहा कि सावन के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती है, इसलिए किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी स्वास्थ्य शिविर पूरी तरह तैयार रहें। सीएमओ ने शिविरों में साफ-सफाई, दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता, प्राथमिक उपचार सामग्री तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को हर समय दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य विभाग की त्वरित चिकित्सा सेवाएं प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी श्रद्धालु को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तुरंत उपचार उपलब्ध कराया जा सके और यात्रा सुरक्षित एवं सुचारु रूप से संपन्न हो।

INPUT – RAHUL SHARMA











