Visitors have accessed this post 68 times.

हाथरस जनपद के सादाबाद कोतवाली में गुरुवार को अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) एसके भगत ने औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर, महिला हेल्प डेस्क, अभिलेखों के रखरखाव, कार्यालय व्यवस्था तथा सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की। एडीजी एसके भगत ने महिला हेल्प डेस्क पर उपलब्ध सुविधाओं और महिलाओं से जुड़े मामलों के त्वरित एवं संवेदनशील निस्तारण को लेकर अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव तथा पुलिस कार्यप्रणाली का भी बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, आमजन की शिकायतों का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने तथा शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने, महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और थाना स्तर पर पारदर्शी एवं जवाबदेह पुलिसिंग सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। एडीजी के निरीक्षण से थाना पुलिस महकमे में पूरे समय सक्रियता का माहौल बना रहा। अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों का पालन करने और पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने का भरोसा दिलाया।

INPUT – KANHAIYA LAL