Visitors have accessed this post 13 times.

सिकंदराराऊ : पवित्र श्रावण मास के शुभ अवसर पर कासगंज रोड स्थित ममता फार्म हाउस में 19 अगस्त से 27 अगस्त 2026 तक भव्य श्री शिव महापुराण कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से आयोजित इस कथा में श्रद्धालुओं को भगवान शिव की महिमा, सनातन धर्म के सिद्धांतों तथा आध्यात्मिक जीवन के महत्वपूर्ण संदेशों का श्रवण करने का अवसर मिलेगा। आयोजन के दौरान अयोध्या धाम से पधार रहे परम पूज्य श्री श्री श्री 1008 श्री सतगुरु शरण देव जी महाराज अपने श्रीमुख से शिव महापुराण की दिव्य कथा का रसपान कराएंगे। कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को भगवान भोलेनाथ की भक्ति, धार्मिक संस्कारों, सदाचार और सनातन परंपराओं के महत्व से अवगत कराया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, कथा का शुभारंभ 19 अगस्त 2026, बुधवार को प्रातः 10 बजे भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। कलश यात्रा पथवारी माता मंदिर से प्रारंभ होकर कथा स्थल ममता फार्म हाउस तक पहुंचेगी। इसमें क्षेत्र की मातृशक्ति, धर्मप्रेमी नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। कलश यात्रा के उपरांत दोपहर 2 बजे से कथा का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा। कथा का आयोजन प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। वहीं 27 अगस्त 2026, गुरुवार को कथा विश्राम एवं पूर्णाहुति के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा। आयोजकों ने बताया कि यह आयोजन केवल धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज में आध्यात्मिक चेतना, धार्मिक संस्कार, सामाजिक सद्भाव और सनातन संस्कृति के प्रति आस्था को मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। कथा के दौरान क्षेत्र एवं आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

मुख्य आयोजक आकाश दीक्षित सहित रामकिशन दीक्षित, पंकज दीक्षित, अरुण दीक्षित, दुर्वेश पचौरी, वीरेंद्र शर्मा, सुधीर तिवारी, आशुतोष दीक्षित, वीरप्रकाश उपाध्याय, योगेंद्र यादव, शिवम शर्मा एवं रिंकू यादव ने सभी धर्मप्रेमी नागरिकों, माताओं-बहनों एवं श्रद्धालुओं से सपरिवार कथा स्थल पहुंचकर श्री शिव महापुराण कथा का श्रवण करने तथा भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।

INPUT – YATENDRA PRATAP SINGH