Visitors have accessed this post 10 times.
हाथरस के ऐतिहासिक रेवती मईया मेले के तीसरे दिन मंदिर श्री दाऊजी महाराज, किला हाथरस परिसर में संस्कार भारती के बैनर तले भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देशभक्ति, भक्ति, श्रृंगार, हास्य एवं ओज रस से भरपूर कविताओं ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. मुरारी लाल अग्रवाल ने बांसुरी पर प्रभु वंदना की मधुर धुन प्रस्तुत कर किया। मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी सदर हाथरस राजबहादुर सिंह राज का सम्मान डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अतुल आंधीवाल एडवोकेट द्वारा किया गया। वहीं विशिष्ट अतिथियों चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य, विजय सिंह प्रेमी एवं मंचासीन कवियों का भी स्वागत एवं सम्मान किया गया। संस्कार भारती के प्रांतीय संरक्षक आशु कवि अनिल बौहरे के संचालन में आयोजित कवि सम्मेलन में विभिन्न कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से समाज, संस्कृति, राष्ट्रभक्ति और आध्यात्मिकता का संदेश दिया। उपजिलाधिकारी राजबहादुर सिंह राज सहित राजेन्द्र सिंह ब्रजबासी, गाफिल स्वामी, चांद हुसैन चांद, मीरा दीक्षित, रूपम कुशवाह, डॉ. उपेन्द्र झा, चेतन उपाध्याय, रसराज, जीवन लाल शर्मा, प्रभु दयाल दीक्षित, प्रदीप पंडित, पूरन सागर एवं मनीष वर्मा मोनू ने प्रभावशाली काव्य पाठ कर खूब सराहना बटोरी। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे श्यामबाबू चिंतन ने अपने काव्य पाठ से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। अंत में आशु कवि अनिल बौहरे ने आशु कविता प्रस्तुत कर कार्यक्रम का समापन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। वहीं नाग पंचमी के पावन अवसर पर प्रातःकाल मंदिर सेवायत वेदांत चतुर्वेदी द्वारा शेषावतार श्री दाऊजी महाराज एवं रेवती मईया का महाभिषेक एवं विशेष पूजन भी संपन्न कराया गया।

INPUT – AMIT SHARMA











