Visitors have accessed this post 9 times.
सासनी : भारत सरकार के ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के अंतर्गत एसबीएस यूनियन स्कूल, सासनी में सोमवार को प्रार्थना सभा के दौरान “नशा मुक्ति प्रतिज्ञा” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की प्रतिनिधि बीके शांता जी एवं विद्यालय के डायरेक्टर डॉ. विकास सिंह ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को नशामुक्त जीवन का संकल्प दिलाया। अपने संबोधन में बीके शांता जी ने कहा कि नशा व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक जीवन को प्रभावित करता है तथा अनेक दुर्घटनाओं और अशांति का कारण बनता है। उन्होंने विद्यार्थियों को हर प्रकार के नशे से दूर रहने तथा परिवार और समाज में जागरूकता फैलाने का संदेश दिया। डॉ. विकास सिंह ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य, मानसिक शांति और सकारात्मक जीवनशैली के लिए नशे से दूर रहना आवश्यक है। इससे व्यक्ति के साथ-साथ समाज और राष्ट्र का भी कल्याण होता है। विद्यालय के प्रधानाचार्य दुर्गेश पचौरी ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जन-जागरूकता अभियानों के माध्यम से स्वस्थ और जागरूक समाज का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि आज के समय में स्क्रीन पर अत्यधिक समय बिताना भी एक प्रकार का नशा बनता जा रहा है, जिससे बचने की आवश्यकता है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने नशामुक्त जीवन जीने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की शपथ ली। इस अवसर पर बीके करुणा, बीके लक्ष्मी, बीके गजेंद्र, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन ने भविष्य में भी सामाजिक जागरूकता से जुड़े अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प व्यक्त किया।

INPUT – DEV PRAKASH










