Visitors have accessed this post 10 times.
सासनी के एसबीएस यूनियन स्कूल, में पुलिस अधीक्षक हाथरस श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा की प्रेरणा से संचालित रचनात्मक पहल ‘पंख’ स्नेल राइटिंग प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में लेखन, पठन-पाठन और रचनात्मक अभिव्यक्ति को बढ़ावा देना था। प्रतियोगिता का आयोजन पुलिस प्रशासन के मार्गदर्शन में किया गया, जिसमें सीओ योगेंद्र कृष्ण नारायण, इंस्पेक्टर अवधेश कुमार सिंह एवं सब इंस्पेक्टर ममता सिंह की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने “मेरे सपनों का भारत”, “भविष्य की चुनौतियाँ” और अन्य समसामयिक विषयों पर अपने विचार पत्र के रूप में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम लिखे। विद्यार्थियों द्वारा लिखे गए पत्रों को पुलिस प्रशासन द्वारा संकलित किया गया। विद्यालय के निदेशक डॉ. विकास सिंह ने कहा कि आधुनिक तकनीक के बढ़ते प्रभाव और स्क्रीन टाइम के कारण बच्चों में पढ़ने-लिखने की आदतें कम हो रही हैं। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों की रचनात्मक क्षमता, चिंतन शक्ति और लेखन कौशल का विकास होता है। उन्होंने इस सराहनीय पहल के लिए पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया। प्रधानाचार्य दुर्गेश पचौरी ने कहा कि तकनीक का संतुलित उपयोग आवश्यक है, लेकिन पुस्तकों से जुड़ाव और साहित्य सृजन की आदत भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों को ऐसी सहगामी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। यह आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।

INPUT – DEV PRAKASH DEV










