Visitors have accessed this post 7 times.

हाथरस : एमएलडीवी पब्लिक इंटर कॉलेज एवं आरकेएसके इंटरनेशनल स्कूल में भगवान श्री गणेश का जन्मोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से गणेश उत्सव की महत्ता को प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के डायरेक्टर स्वतंत्र कुमार गुप्त, पूर्व प्रधानाचार्या शैलकांता गुप्ता, प्रशासनिक प्रमुख हर्षित गुप्ता, प्रधानाचार्या पूनम वार्ष्णेय एवं आरकेएसके इंटरनेशनल स्कूल की प्रधानाचार्या प्रीति यादव ने भगवान श्री गणेश की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया। इस अवसर पर प्रशासनिक प्रमुख हर्षित गुप्ता ने भगवान गणेश को बुद्धि और विवेक का प्रतीक बताते हुए कहा कि गणेश जी के स्वरूप में जीवन के लिए कई महत्वपूर्ण संदेश छिपे हैं। उनके विशाल कान अधिक सुनने, छोटी आंखें एकाग्रता और सूंड परिस्थितियों के अनुरूप स्वयं को ढालने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि सामाजिक जीवन में लोगों की समस्याओं को सुनना, संवाद के माध्यम से मतभेदों को समझना और सकारात्मक समाधान की दिशा में आगे बढ़ना आवश्यक है। संस्था के डायरेक्टर एवं राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित स्वतंत्र कुमार गुप्त ने गणेश उत्सव को पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, ऊर्जा संरक्षण और शिक्षा से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के साथ सामाजिक जागरूकता और प्रकृति संरक्षण को जोड़कर उत्सव को सकारात्मक संदेश का माध्यम बनाया जा सकता है। कार्यक्रम में आशी एवं अर्पित ने भगवान गणेश का रूप धारण कर छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं को आशीर्वाद दिया। वहीं प्रनिका, राघव, लावन्या, वेदिका, नव्या, कल्प, जानवी, भूमिका, अल्केश, परिधि और उपासना ने ‘ओ माई फ्रेंड गणेशा’ गीत पर शानदार प्रस्तुति दी, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। प्रद्युम्न एवं मिस्टी ने भगवान शिव से संबंधित ‘शिव रुद्राष्टकम’ का पाठ प्रस्तुत किया। मधुर स्वर और लयबद्ध प्रस्तुति से विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में संजय मिश्रा, जीत द्विवेदी, अंकित गुप्ता, पुनीत गुप्ता, पुनीत वार्ष्णेय, आरके शर्मा, श्रुति कौशिक, जीतू अरोरा, सत्यवती, श्याम सिंह सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों का सहयोग रहा। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रेखा जादौन एवं रिद्धि अग्रवाल ने किया। अंत में संस्था के डायरेक्टर स्वतंत्र कुमार गुप्त ने विद्यार्थियों से भगवान श्री गणेश के जीवन और उनके स्वरूप से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

INPUT – AMIT SHARMA