Visitors have accessed this post 8 times.
हाथरस : गणेश चतुर्थी के अवसर पर हाथरस के ऐतिहासिक श्री दाऊजी महाराज मंदिर में मेले की परंपरा का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर जिलाधिकारी अतुल वत्स ने मंदिर पहुंचकर भगवान गणेश को लड्डू का भोग अर्पित किया और विधि-विधान से आरती की। इसके बाद जिलाधिकारी ने ध्वजा पूजन किया और मंदिर की परिक्रमा कर श्री दाऊजी महाराज मंदिर के शिखर पर ध्वजा रोहण किया। उन्होंने श्री दाऊजी महाराज और रेवती मैया की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। साथ ही ऐतिहासिक दाऊजी महाराज मेले के सकुशल एवं निर्विघ्न संपन्न होने की कामना की। पूजा-अर्चना के दौरान मंदिर परिसर शंखनाद और घंटों की गूंज से भक्तिमय नजर आया। जिलाधिकारी ने मेला प्रांगण स्थित श्री वेद भगवान मंदिर में भी पूजा-अर्चना की और जनपदवासियों को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं दीं।

जिलाधिकारी ने मेले की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के महत्व को देखते हुए आयोजन के सफल और शांतिपूर्ण संचालन की कामना की। दाऊजी महाराज मेला हाथरस की प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान में शामिल है और हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। 17 सितंबर को होगा विधिवत शुभारंभ दाऊजी महाराज मेले का विधिवत शुभारंभ 17 सितंबर को देवछठ के दिन किया जाएगा। मेले को लेकर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में उत्साह बना हुआ है।

INPUT – RAHUL SHARMA











