Visitors have accessed this post 10 times.

सासनी के एसबीएस यूनियन स्कूल में इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से प्रार्थना सभा के दौरान एक रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक शो का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को सामाजिक जिम्मेदारी, स्वच्छता, अनुशासन और अच्छी आदतों से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश दिए गए। कार्यक्रम में श्री पीसी शर्मा ने विभिन्न गतिविधियों और संवाद के माध्यम से विद्यार्थियों को लालच से बचने तथा स्कूल और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान ‘टीवी-मोबाइल से नाता तोड़ें हम, किताबों से नाता जोड़ें हम’ जैसे संदेश के जरिए विद्यार्थियों को पुस्तकों के अध्ययन के लिए प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की हाजिरजवाबी और सामान्य ज्ञान से जुड़े सवालों के जवाब देने की क्षमता ने अतिथियों को प्रभावित किया। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया। स्कूल के डायरेक्टर डॉ. विकास सिंह ने इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि यह संगठन वर्ष 1920 से मानवता की सेवा के लिए कार्य कर रहा है और बाढ़, सूखा तथा विभिन्न आपदाओं एवं जरूरत के समय लोगों की सहायता करता है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को ऐसे सेवा संगठनों के कार्यों में सहयोग करते हुए उन्हें आगे बढ़ाने में योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्कूल भविष्य में भी ऐसे उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रमों के आयोजन में सहयोग करता रहेगा। प्रधानाचार्य दुर्गेश पचौरी ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों से विद्यार्थियों में सहयोग की भावना, अनुशासन, जिज्ञासा और सृजनात्मकता का विकास होता है। साथ ही विद्यार्थियों में नई-नई जानकारी हासिल करने और विषयों को समझने की रुचि बढ़ती है, जिससे उनकी सीखने और अनुसंधान संबंधी क्षमताओं को विकसित करने में मदद मिलती है। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और सभी विद्यार्थी उपस्थित रहे।

INPUT – DEV PRAKASH DEV