Visitors have accessed this post 138 times.

हाथरस के आगरा रोड स्थित वृद्धाश्रम में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के अवसर पर निस्वार्थ सेवा संस्थान की ओर से नंदोत्सव कार्यक्रम श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से पूरा वृद्धाश्रम भक्तिमय नजर आया। कार्यक्रम में “नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” और “हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की” जैसे जयघोष गूंजते रहे। संस्थान के सदस्यों ने वृद्धजनों के साथ मिलकर भगवान श्रीकृष्ण का गुणगान किया। कार्यक्रम में मुख्य भजन गायक अंकुर अग्रवाल, सासनी वाले, बाल भजन गायक रुद्र सारस्वत और कोमल दीदी ने भक्ति गीत प्रस्तुत किए। मधुर भजनों पर वृद्धजन भी उत्साह के साथ झूमते और कीर्तन में सहभागिता करते नजर आए। संस्था के अध्यक्ष सुनील अग्रवाल ने बताया कि निस्वार्थ सेवा संस्थान का उद्देश्य जरूरतमंदों की सेवा के साथ-साथ वरिष्ठजनों के जीवन में खुशी, सम्मान, अपनापन और सकारात्मकता लाना भी है। इसी उद्देश्य से वृद्धाश्रम में हर माह भजन-कीर्तन और सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। नंदोत्सव के दौरान नन्हे बच्चों ने राधा-कृष्ण का मनमोहक स्वरूप धारण कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। सुंदर वेशभूषा में सजे बच्चों को देखकर वृद्धजनों के चेहरों पर भी खुशी देखने को मिली। बच्चों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम की रौनक बढ़ा दी और वातावरण कृष्ण भक्ति से सराबोर हो गया। कार्यक्रम के समापन पर भगवान श्रीकृष्ण से वृद्धजनों के स्वस्थ, सुखी और मंगलमय जीवन की प्रार्थना की गई। भक्ति, संगीत और सेवा से जुड़े इस आयोजन ने वृद्धाश्रम में आत्मीयता और खुशी का वातावरण बनाया। इस अवसर पर अध्यक्ष सुनील अग्रवाल, सचिव नीरज गोयल, सोशल मीडिया प्रभारी सारांश टालीवाल, सह सचिव तरुण राघव, सह सचिव निश्कर्ष गर्ग, सतेंद्र मोहन, स्वदेश वार्ष्णेय, अवधेश कुमार बंटी, दीपांशु वार्ष्णेय, विशाल सोनी, सौरभ शर्मा, यश वार्ष्णेय, सुनील कुमार सहित संस्थान के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

INPUT – AMIT SHARMA