Visitors have accessed this post 8 times.
हाथरस : 19 सितम्बर ब्रज क्षेत्र के प्रमुख व्यापारिक केंद्र एवं ऐतिहासिक धरोहर हाथरस किला रेलवे स्टेशन के सौंदर्यीकरण, रेल लाइनों के विस्तार तथा नई रेल सेवाओं के संचालन को लेकर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष पंडित आशीष शर्मा ने उत्तर-मध्य रेलवे के उप महाप्रबंधक अतुल मिश्र को पत्र सौंपकर आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
पंडित आशीष शर्मा ने पत्र के माध्यम से अवगत कराया कि हाथरस हींग, रेडीमेड गारमेंट्स, कालीन और खाद्यान्न व्यापार का प्रमुख केंद्र होने के साथ-साथ अमर शहीद राजा दयाराम जी की ऐतिहासिक भूमि है। स्वतंत्रता संग्राम में राजा दयाराम के बलिदान और किले में स्थित दाऊजी मंदिर पर अंग्रेजों के तोप के गोलों के निशान आज भी इस गौरव गाथा के साक्षी हैं। यहाँ लगने वाले प्रसिद्ध ‘लक्खी मेला’ में देश भर से लाखों श्रद्धालु और कलाकार आते हैं। ऐसे में हाथरस किला स्टेशन का आधुनिक स्वरूप में जीर्णोद्धार जनहित और रेलवे के राजस्व दोनों के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने एचएडी ट्रेन के बारे में बताया कि वह समय पर जाती है लेकिन वापसी बहुत लेट आ पाती है जिससे यात्रियों को काफी असुविधा होती है यह ट्रेन की समय अवधि भी कम की जाए सुबह 6 बजे चलकर रात्रि 9:00 बजे तक हाथरस आनी चाहिए !
प्रमुख मांगें:
रेल लाइनों का विस्तार: हाथरस किला से हाथरस जंक्शन, सासनी एवं न्यू सासनी तक रेल लाइनों का विस्तार किया जाए।
नई रेलगाड़ी का संचालन: प्रस्तावित हाथरस किला – दिल्ली – श्रीनगर – जम्मू मेल (डुप्लीकेट) का संचालन तत्काल प्रभाव से शुरू किया जाए।
पैसेंजर सेवा: हाथरस किला – नई दिल्ली – रेवाड़ी – गूगामेड़ी प्रस्तावित पैसेंजर ट्रेन को कालिंदी एक्सप्रेस के खाली रैक (idle rake) का उपयोग कर संचालित किया जाए।
व्यापारिक पार्सल सेवा: हाथरस किला – दिल्ली – बारामूला मार्ग पर प्रतिदिन एक जोड़ी पार्सल/पार्सल यान फूड रैक ट्रेन चलाई जाए।
पार्सल लीज सुविधा: स्थानीय व्यापारियों की सुविधा हेतु स्टेशन से राष्ट्रीय स्तर पर पार्सल व पार्सल यान लीज कोच की सुविधा राउंड ट्रिप आधार पर शुरू की जाए।
पूर्व पालिका अध्यक्ष ने विश्वास जताया कि रेलवे प्रशासन जनभावनाओं और ब्रज की ऐतिहासिक महत्ता का सम्मान करते हुए इन प्रस्तावों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेगा।

INPUT – AMIT SHARMA











