Visitors have accessed this post 72 times.

हाथरस : आगामी 24 सितंबर 2026, गुरुवार को नवम श्री हरिदासोत्सव का भव्य एवं भक्तिमय आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन मेंडू रोड स्थित श्री हरिनारायण व्यायामशाला (छबीली बाग), हन्नो लाला की बगीची में श्री मोहिनीबिहारी संकीर्तन मंडल, हाथरस के संयोजन में किया जाएगा।
श्री मोहिनीबिहारी संकीर्तन मंडल द्वारा पिछले आठ वर्षों से रास रासेश्वरी श्री राधारानी जी एवं ललिता सखी के अवतार रसिक अनन्य नृपति श्री स्वामी हरिदास देव जु महाराज के प्राकट्योत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में इस वर्ष नवम श्री हरिदासोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने रविवार, 20 सितंबर को आयोजित पत्रकार वार्ता में कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा साझा की। समिति के अनुसार इस बार उत्सव में वृंदावन धाम के टटिया स्थान से परम पूज्य श्री किशोरीशरण भक्तमाली (मुखिया जी) महाराज सहित अनेक संतजन पधारेंगे।
ध्रुपद धमार शैली में होगा समाज गायन
उत्सव का विशेष आकर्षण भारतीय शास्त्रीय संगीत की प्राचीन ध्रुपद धमार गायन शैली में होने वाला समाज गायन एवं बधाई महोत्सव रहेगा। इस दौरान रसिकाचार्यों की वाणियों के माध्यम से श्री स्वामी हरिदास जी महाराज की बधाइयों का गायन संतों के सानिध्य में किया जाएगा।
ये रहेगा कार्यक्रम
प्रातः 10:00 बजे: श्री स्वामी हरिदास देव जु महाराज के श्रीविग्रह का भव्य पंचामृताभिषेक एवं षोडशोपचार पूजन किया जाएगा।
दोपहर 2:00 बजे: श्री वृंदावन धाम स्थित टटिया स्थान के परम पूज्य मुखिया जी श्री किशोरीशरण भक्तमाली जी महाराज एवं पधारे संत समाज का दिव्य स्वागत एवं सत्कार समारोह आयोजित होगा।
सायं 4:00 बजे: टटिया स्थान वृंदावन की प्राचीन ध्रुपद धमार शैली में भक्तमाली जी महाराज एवं संतों के सानिध्य में समाज गायन होगा। इसमें रसिकाचार्यों की वाणियों के माध्यम से स्वामी जी की बधाइयों का गायन किया जाएगा।
सायं 6:00 बजे: हाथरस नगर के विभिन्न संकीर्तन मंडलों द्वारा बधाई महोत्सव एवं संकीर्तन का आयोजन किया जाएगा। इसमें मुख्य रूप से श्री गौरांग प्रेम मंडल, हाथरस की सहभागिता रहेगी।
श्री मोहिनीबिहारी संकीर्तन मंडल ने समस्त धर्मानुरागी महानुभावों तथा भक्तिमती माताओं-बहनों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर उत्सव की शोभा बढ़ाने और दर्शन-पूजन का पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है।
पत्रकार वार्ता के दौरान आयोजन समिति के प्रमुख पदाधिकारी पारस जाँगिड़, हरिमोहन वार्ष्णेय, मनोज सैनी, लोकेंद्र शर्मा, गोपाल वार्ष्णेय, पंकज शर्मा, शिवम वार्ष्णेय, प्रबल शर्मा, रूपेश वार्ष्णेय, अनिल कुमार एवं दाऊदयाल सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

INPUT – BUREAU RIPORT