Visitors have accessed this post 279 times.

हाथरस : स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान के तहत उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक, क्षेत्रीय कार्यालय हाथरस की ओर से अलीगढ़ रोड स्थित लेबर कॉलोनी के पार्क में विशेष स्वच्छता एवं वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। क्षेत्रीय प्रबंधक प्रदीप मोहन दीक्षित के नेतृत्व में आयोजित अभियान में बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों ने श्रमदान कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। अभियान के दौरान लेबर कॉलोनी के पार्क में साफ-सफाई की गई। बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों ने लोगों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने, कूड़े का उचित निस्तारण करने और सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने की अपील की। इस दौरान सफाई कार्य में लगे कर्मचारियों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उन्हें आवश्यक सुरक्षा उपकरण भी वितरित किए गए।

क्षेत्रीय प्रबंधक प्रदीप मोहन दीक्षित ने कहा कि स्वच्छता किसी एक दिन या अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण से लोगों के स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है और कई बीमारियों से बचाव में मदद मिलती है। उन्होंने लोगों से घर, कार्यस्थल और सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता बनाए रखने में जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।

बैंक अधिकारियों ने किया वृक्षारोपण

स्वच्छता अभियान के साथ पार्क में वृक्षारोपण भी किया गया। बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधे लगाए और उनके नियमित पोषण एवं संरक्षण का संकल्प लिया। उपस्थित लोगों को भी अधिक से अधिक पौधे लगाने और लगाए गए पौधों की देखभाल करने के लिए प्रेरित किया गया।

प्रदीप मोहन दीक्षित ने कहा कि वृक्ष पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने लोगों से केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहने, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण करने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छता ही सेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने तथा स्वच्छ और हरित वातावरण के निर्माण में निरंतर सहयोग करने का संकल्प लिया। अभियान के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सफाई कर्मियों के सम्मान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।

INPUT – AMIT SHARMA