Visitors have accessed this post 1 time.
शुक्रवार देर रात गणेश कॉलोनी में एक मोबाइल टावर में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। टावर से उठती आग की ऊंची लपटों और काले धुएं को देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि मोबाइल टावर का कंट्रोल रूम, केबिन और पूरी वायरिंग इसकी चपेट में आ गई। कुछ ही देर में टावर से जुड़ा सामान जलकर खाक हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि आग आसपास स्थित घरों तक नहीं पहुंची और बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस आग लगने के अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।
INPUT – SURAJ SAGAR











