Visitors have accessed this post 88 times.
हाथरस : जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला वृक्षारोपण समिति, जिला गंगा समिति एवं पर्यावरण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी वृक्षारोपण अभियान-2027 की तैयारियों और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को पूर्व में कराए गए पौधरोपण कार्यों के स्थलों का सत्यापन शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही आगामी वृक्षारोपण अभियान के लिए उपयुक्त स्थलों का चयन समय से करने और पौधरोपण से संबंधित आवश्यक तैयारियां अभी से शुरू करने को कहा। डीएम ने पर्यावरण संरक्षण, हरित क्षेत्र के विकास और स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त वातावरण बनाए रखने के लिए संबंधित विभागों को प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। वहीं जिला गंगा समिति के अंतर्गत संचालित कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया। बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
INPUT – RAHUL SHARMA











