Visitors have accessed this post 89 times.

हाथरस : मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत आगामी 21 नवंबर 2026 को जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को भव्य, सुव्यवस्थित और गरिमामयी बनाने के लिए जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम से संबंधित सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना शासन की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है, जिसके माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का विवाह सम्मानजनक वातावरण में कराया जाता है। डीएम ने पात्र लाभार्थियों का चयन शासन के निर्धारित मानकों के अनुसार पारदर्शिता के साथ करने तथा उनके अभिलेखों और पात्रता का समय से सत्यापन कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही विवाह स्थल पर मंडप, पंडाल, मंच, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, बिजली, साफ-सफाई, शौचालय, भोजन, जलपान, सजावट, पार्किंग और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा। उन्होंने पुलिस विभाग को सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था, स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सकीय टीम और प्राथमिक उपचार, नगर निकाय एवं पंचायतीराज विभाग को साफ-सफाई व पेयजल तथा विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं जिला समाज कल्याण अधिकारी को लाभार्थियों को दी जाने वाली निर्धारित सामग्री की गुणवत्ता और समय से वितरण सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

INPUT – RAHUL SHARMA