Visitors have accessed this post 23 times.
हाथरस जनपद के पुरदिलनगर स्थित सरस्वती विद्या मन्दिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सोमवार को कक्षा 10 के मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान में भव्य “प्रतिभा सम्मान समारोह” का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही। समारोह का शुभारम्भ माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। विद्यालय के आचार्य परिवार ने सभी अतिथियों का पटका पहनाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य हरीशंकर ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थियों की सफलता विद्यालय, अभिभावकों और समाज के सामूहिक प्रयासों का परिणाम होती है। उन्होंने छात्रों को अनुशासन, संस्कार और निरंतर परिश्रम के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर हाईस्कूल परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों के नामों की घोषणा राजन सिंह आचार्य द्वारा की गई। कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों ने विद्यालय की अनुशासित एवं संस्कारयुक्त शिक्षा व्यवस्था की सराहना करते हुए विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह में उपाध्यक्ष चोब सिंह वर्मा, प्रबंधक राजेश कुमार चैचाणी, शिशु कल्याण समिति के मंत्री शैलेश कुमार माहेश्वरी सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

INPUT – PUSHPAKANT SHARMA










