Visitors have accessed this post 9 times.

हाथरस : हिंदी पत्रकारिता दिवस एवं हिंदी पत्रकारिता की द्विशताब्दी के अवसर पर शनिवार को अलीगढ़ रोड स्थित ब्रह्माकुमारीज सहज राजयोग प्रशिक्षण केंद्र में भव्य पत्रकार सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े पत्रकारों, शिक्षाविदों तथा पत्रकारिता के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सम्मेलन का मुख्य विषय “वर्तमान परिवेश और सकारात्मक पत्रकारिता” रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत, बैज एवं पीतवस्त्र अर्पण तथा बालिका लक्ष्मी के स्वागत नृत्य से हुआ। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलन कर सम्मेलन का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर मंगलायतन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. पी.के. दशोरा, पत्रकारिता विभाग के प्रमुख जितेंद्र कुमार, डी.डी. न्यूज की मनीषा उपाध्याय, प्रेस क्लब हाथरस के अध्यक्ष उमाशंकर जैन सहित अनेक वरिष्ठ पत्रकार एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
मुख्य वक्ता फरीदाबाद की राजयोग केंद्र निदेशिका बी.के. पूजा दीदी ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि पत्रकारिता केवल सूचना देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का सशक्त साधन है। उन्होंने मीडिया से “सच्ची टीआरपी” अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि टी का अर्थ ट्रुथ (सत्य), आर का रिलेशनशिप (संबंध) और पी का प्यूरिटी (पवित्रता) है। उन्होंने कहा कि समाज को सकारात्मक समाचारों की भी उतनी ही आवश्यकता है जितनी अन्य खबरों की।
मंगलायतन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. पी.के. दशोरा ने कहा कि पत्रकारिता में गति और युक्ति दोनों का संतुलन आवश्यक है। उन्होंने आदि पत्रकार नारद का उदाहरण देते हुए कहा कि पत्रकार को सत्य को पूर्णता के साथ समाज तक पहुंचाने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए। निष्पक्ष और जनकल्याणकारी पत्रकारिता ही समाज के विकास का आधार बन सकती है।
प्रेस क्लब हाथरस के अध्यक्ष उमाशंकर जैन ने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचारों का प्रसारण नहीं, बल्कि समाज को सही दिशा देने और जागरूक बनाने का दायित्व भी निभाती है। उन्होंने सकारात्मक पत्रकारिता की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि मीडिया को समाज में हो रहे अच्छे कार्यों को भी प्रमुखता से सामने लाना चाहिए।
कार्यक्रम की संयोजिका एवं ब्रह्माकुमारी आनंदपुरी केंद्र की संचालिका बी.के. शांता बहन ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सकारात्मक सोच और सद्भावना समाज में सुखद वातावरण का निर्माण करती है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित पत्रकारों और विद्यार्थियों को ईश्वरीय सौगात भेंट की गई तथा प्रसादी वितरित की गई।
सम्मेलन का संचालन बी.के. दिनेश भाई ने किया, जबकि आयोजन के सफल संचालन में ब्रह्माकुमारी संस्था के अनेक सदस्यों एवं स्वयंसेवकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

INPUT – BEAURO REPORT