Visitors have accessed this post 13 times.

हाथरस : शहर के वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. वी.डी. गुप्ता का स्मृति दिवस अपना घर आश्रम में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने उनके सेवाभाव, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और सरल व्यवहार को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपना घर आश्रम के अध्यक्ष दिलीप पोद्दार एडवोकेट ने की, जबकि संचालन ब्रज कला केंद्र के अध्यक्ष एवं अपना घर आश्रम के सचिव चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य ने किया। इस अवसर पर डॉ. वी.डी. गुप्ता स्मृति सम्मान से प्रेम रघु के डायरेक्टर डॉ. पी.पी. सिंह को सम्मानित किया गया। उन्हें शॉल ओढ़ाकर, माला पहनाकर और प्रशस्ति पत्र भेंट किया गया। सम्मान ग्रहण करते हुए डॉ. पी.पी. सिंह ने कहा कि डॉ. वी.डी. गुप्ता जैसे सेवाभावी और ईमानदार चिकित्सक की स्मृति में मिला सम्मान उनके लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि डॉ. गुप्ता ने चिकित्सा सेवा को समाजसेवा के माध्यम के रूप में देखा और अपने व्यवहार तथा कार्यों से लोगों के बीच विशेष स्थान बनाया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिए और अधिक प्रेरित करेगा। कार्यक्रम में प्रमुख समाजसेवी अनिल वार्ष्णेय ‘तेल वाले’, अपना घर आश्रम के संस्थापक मदनलाल वार्ष्णेय और ब्राह्मण सभा के पूर्व अध्यक्ष पं. अविनाश चंद्र पचौरी ने डॉ. वी.डी. गुप्ता के व्यक्तित्व को याद किया। उन्होंने कहा कि डॉ. गुप्ता अपनी ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा, सरल व्यवहार और चिकित्सा के प्रति समर्पण के लिए हमेशा याद किए जाएंगे। उन्होंने अपने कार्यक्षेत्र में मानवीय संवेदनाओं को प्राथमिकता दी। इस दौरान आशु कवि अनिल बोहरे और कवयित्री मीरा दीक्षित ने काव्य पाठ के माध्यम से डॉ. वी.डी. गुप्ता को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने उनके व्यक्तित्व, सेवाभाव और समाज के प्रति योगदान को याद किया। कार्यक्रम में ओम प्रकाश गुप्ता, अनिल कुमार अग्रवाल, राकेश कुमार अग्रवाल, मिथिलेश वार्ष्णेय, वंदना वार्ष्णेय, आनंद गोयल, सिंटू कुमार, सीमा दिवाकर सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। डॉ. वी.डी. गुप्ता की स्मृति में आयोजित यह कार्यक्रम उनके सेवाभाव और समाज के प्रति योगदान को याद करने का अवसर बना। उपस्थित लोगों ने उनके आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए सेवा और मानवता के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।

INPUT – AMIT SHARMA