Visitors have accessed this post 12 times.

हाथरस : श्यामकुंज स्थित एमएलडीवी पब्लिक इंटर कॉलेज और तरफरा रोड स्थित आरकेएसके इंटरनेशनल स्कूल में राधा अष्टमी का महोत्सव धूमधाम और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में राधा-कृष्ण की भक्ति, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और भाव-नृत्य ने श्रद्धा व उत्सव का माहौल बना दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ राधा-कृष्ण के छविचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर एमएलडीवी की प्रधानाचार्या पूनम वार्ष्णेय, आरकेएसके की प्रधानाचार्या प्रीति यादव, डायरेक्टर स्वतंत्र कुमार गुप्त, पूर्व प्रधानाचार्या शैलकान्ता गुप्ता और प्रशासनिक प्रमुख हर्षित गुप्ता ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीआरबी इंटर कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य एवं संस्था के डायरेक्टर स्वतंत्र कुमार गुप्त ने राधा-कृष्ण के प्रेम और भक्ति के आध्यात्मिक स्वरूप पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राधा और कृष्ण का संबंध प्रेम, समर्पण और आत्मीयता का प्रतीक है। राधा नाम के स्मरण से मन को शांति और सकारात्मक ऊर्जा मिलने की मान्यता है। इसके बाद राधा के रूप में रोशेल और कृष्ण के रूप में परियाशा ने गोपिकाओं के साथ भाव-नृत्य प्रस्तुत किया। मंच पर राधा-कृष्ण की भक्ति से जुड़ी प्रस्तुतियों के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया और ‘राधे-राधे श्याम मिला दे’ के जयकारे गूंज उठे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विभिन्न भक्ति एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और स्टाफ का सहयोग रहा। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रेखा जादौन और ऋद्धि अग्रवाल ने किया। अंत में संस्था के डायरेक्टर स्वतंत्र कुमार गुप्त ने कार्यक्रम में सहयोग करने वाले सभी लोगों और उपस्थित दर्शकों का आभार व्यक्त किया।

INPUT – AMIT SHARMA