Visitors have accessed this post 9 times.

हाथरस : मतदाता अधिकारों और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता के मुद्दे को लेकर कांग्रेस एवं समाजवादी पार्टी के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को हाथरस के पहलवान होटल, बस स्टैंड के सामने INDIA गठबंधन की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इस दौरान गठबंधन नेताओं ने मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं और चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों पर अपनी बात रखी। कांग्रेस जिलाध्यक्ष पं. विवेक उपाध्याय ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत जनता का मत है और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा जरूरी है। उन्होंने कहा कि यदि मतदाता सूची या चुनावी प्रक्रिया को लेकर कोई गंभीर सवाल सामने आते हैं, तो उनकी निष्पक्ष, स्वतंत्र और पारदर्शी जांच होनी चाहिए। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को दोहराते हुए कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने बताया कि ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान को हाथरस जिले में गांव, वार्ड और बूथ स्तर तक ले जाने की तैयारी है। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष देवेन्द्र कुशवाहा ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक मतदाता का वोट महत्वपूर्ण है। मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया को लेकर जो सवाल उठ रहे हैं, उनका जवाब पारदर्शिता के साथ दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी कांग्रेस और INDIA गठबंधन के साथ मिलकर मताधिकार की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगी। 6 अक्टूबर को निकलेगा पैदल विरोध मार्च संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान 6 अक्टूबर 2026 को पैदल विरोध मार्च निकालने की घोषणा की गई। कांग्रेस जिलाध्यक्ष पं. विवेक उपाध्याय और सपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र कुशवाहा ने INDIA गठबंधन के नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों से सुबह 11 बजे अंबेडकर पार्क पहुंचने की अपील की। गठबंधन नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची से लेकर मतदान तक पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष और विश्वसनीय होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि INDIA गठबंधन हाथरस में एकजुट होकर ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान को आगे बढ़ाएगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह कुशवाह, बनी सिंह बघेल, रामनारायण काके, मोहर सिंह, सत्यवीर सिकरवार, धीरज पांडेय, ब्रह्मदेव शर्मा, करुणेश मोहन दीक्षित, अशोक गुप्ता, डॉ. मुकेश चंद्रा, अवधेश बख्शी, अजीत गोस्वामी, मथुरा प्रसाद कुशवाह, संजीव अंधीवाल, राजेश नागर, बॉबी यादव, कपिल सिंह, श्रीकृष्ण, मनोज शर्मा, हाजी नवाब, ब्रह्मदेव कश्यप, शैलेन्द्र सिंह सेंगर, जुगनू माहौर, अशोक गोला, सत्येंद्र यादव, साकेत राहुल, अकील कुरैशी, सुमित चौधरी, राधेश्याम रजक, गिरीश बाबू नागर, सेवाज खान, रवेन्द्र प्रजापति, अनुज उपाध्याय एवं अभिषेक भारद्वाज सहित INDIA गठबंधन के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

INPUT – AMIT SHARMA