Visitors have accessed this post 17 times.
हाथरस जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) ने 8 अक्टूबर को सुबह 10:15 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) मुरसान का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चार कर्मचारी अनुपस्थित मिले। वहीं, अस्पताल के इमरजेंसी कक्ष में साफ-सफाई की कमी और मुख्य भवन में खराब ट्यूब लाइट मिलने पर संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के समय टीबीएचवी भीष्म सिंह, ऑप्टोमेट्रिस्ट नवीन कुमार, बालकिशन और एसटीएस अरुण शर्मा अनुपस्थित पाए गए। सीएमओ ने अनुपस्थित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। लैब में मशीन उपलब्ध, इंस्टॉलेशन नहीं सीएचसी की प्रयोगशाला में फुली ऑटोमैटिक बायोकेमिस्ट्री एनालाइजर मशीन उपलब्ध मिली, लेकिन संबंधित कंपनी की ओर से इसे इंस्टॉल नहीं किया गया था। इस पर सीएमओ ने कंपनी के प्रतिनिधि से फोन पर बात कर मशीन को तत्काल इंस्टॉल कराने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को जांच संबंधी सुविधाएं मिल सकें। दो चिकित्सकों की सेवाएं समाप्त करने के लिए शासन को पत्र निरीक्षण के दौरान यह भी जानकारी दी गई कि दो वर्षीय बॉन्ड पर कार्यरत चिकित्सक डॉ. कृति बंसल और डॉ. सिद्धांत गुप्ता पिछले दो महीने से अनुपस्थित चल रहे हैं। दोनों चिकित्सकों की सेवाएं समाप्त करने के संबंध में शासन को पत्र भेजा जा चुका है। सीएमओ के इस औचक निरीक्षण का उद्देश्य स्वास्थ्य केंद्र में कर्मचारियों की उपस्थिति, साफ-सफाई और चिकित्सा सुविधाओं की स्थिति का जायजा लेना था। निरीक्षण के दौरान मिली कमियों को दूर करने के लिए संबंधित पक्षों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
INPUT – RAHUL SHARMA











