Visitors have accessed this post 143 times.

हाथरस : आगामी त्योहारों के मद्देनजर हाथरस नगर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने रूट डायवर्जन लागू किया है। यह व्यवस्था 3 नवंबर से 12 नवंबर 2026 तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान नगर के प्रमुख बाजारों की ओर जाने वाले निर्धारित मार्गों पर ई-रिक्शा, टेंपो तथा अन्य भारी और मध्यम वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। हाथरस पुलिस के अनुसार, सासनी गेट चौराहा, तालाब चौराहे स्थित पेट्रोल पंप, महिला थाने के सामने, बांस मंडी चौराहा, घास मंडी तिराहा, बुर्ज वाला कुआं तिराहा, चूना वाला डंडा तिराहा, चामड़ गेट चौराहा, देवेंद्र अग्रवाल मिष्ठान चौराहा, जामा मस्जिद चौराहा, नया गंज चौराहा और सादाबाद गेट चौराहे पर निर्धारित बैरियर लगाकर बाजारों की ओर वाहनों का प्रवेश रोका जाएगा। पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों, ई-रिक्शा और टेंपो संचालकों से निर्धारित अवधि में यातायात नियमों का पालन करने तथा प्रतिबंधित मार्गों पर वाहन नहीं ले जाने की अपील की है। आमजन से भी अनुरोध किया गया है कि त्योहारों के दौरान बाजारों में अनावश्यक रूप से वाहन लेकर न जाएं और यातायात पुलिस एवं ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें। पुलिस का कहना है कि इस व्यवस्था का उद्देश्य बाजारों में भीड़ और जाम से बचाव करना, आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा यातायात को सुचारु बनाए रखना है।

INPUT – RAHUL SHARMA