Visitors have accessed this post 279 times.

हाथरस जनपद : स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और टीकाकरण अभियान की प्रगति का जायजा लेने के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) डॉ. वेद प्रकाश ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) महौ का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने उपस्थिति पंजिका की जांच की, जिसमें सभी चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मचारी उपस्थित पाए गए। इसके बाद उन्होंने एमएनसीयू (मदर एंड न्यूबॉर्न केयर यूनिट), एनबीएसयू (न्यूबॉर्न स्टेबलाइजेशन यूनिट) तथा एक्स-रे कक्ष का निरीक्षण किया। निरीक्षण में सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं। एनबीएसयू वार्ड में नवजात शिशुओं के लिए स्थापित वार्मर पूरी तरह क्रियाशील पाया गया, जबकि एक्स-रे कक्ष में प्रतिदिन 40 से 50 मरीजों के एक्स-रे किए जाने की जानकारी दी गई। अस्पताल निरीक्षण के बाद सीएमओ ने ग्राम बघराया एवं रडावली में संचालित एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान की भी समीक्षा की। बघराया उपकेंद्र पर उन्होंने निर्धारित लाभार्थियों के सापेक्ष टीकाकरण की प्रगति की जानकारी प्राप्त की और शेष लाभार्थियों का टीकाकरण उसी दिन पूर्ण करने के निर्देश संबंधित स्वास्थ्य कर्मियों को दिए। वहीं ग्राम रडावली में निरीक्षण के दौरान एएनएम द्वारा पात्र लाभार्थियों को एचपीवी वैक्सीन लगाई जाती मिली। सीएमओ ने टीकाकरण अभियान की व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम के प्रयासों की सराहना की।    निरीक्षण के अंत में डॉ. वेद प्रकाश ने कहा कि जनपद में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और टीकाकरण कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए नियमित निगरानी जारी रहेगी। उन्होंने सभी स्वास्थ्य कर्मियों को जिम्मेदारी एवं समर्पण के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं एवं एचपीवी टीकाकरण अभियान की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।

INPUT – RAHUL SHARMA