Visitors have accessed this post 6 times.
सादाबाद : गौ माता को राष्ट्रीय माता का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर चलाए जा रहे गौ सम्मान आवाहन अभियान को लेकर सादाबाद में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के सैकड़ों गौ सेवकों और गौ भक्तों ने भाग लिया। इस दौरान अभियान को सफल बनाने और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का संकल्प लिया गया। बैठक को संबोधित करते हुए अभियान के जिला प्रभारी एवं गौ सेवक राहुल उपाध्याय ने आगामी 14 दिसंबर को लखनऊ में आयोजित होने वाले अभियान के अगले चरण की जानकारी दी। उन्होंने गौ सेवकों और गौ भक्तों से अधिक संख्या में लखनऊ पहुंचकर अभियान को मजबूती देने का आह्वान किया। राहुल उपाध्याय ने बताया कि अभियान के पहले चरण में देश की सभी तहसीलों में ज्ञापन सौंपे गए थे। इसके बाद दूसरे चरण में सभी जिलों में ज्ञापन देकर गौ माता को राष्ट्रीय माता का दर्जा देने की मांग सरकार तक पहुंचाई गई। अभियान से जुड़े लोगों के अनुसार, अब तक 20 करोड़ से अधिक हस्ताक्षर सरकार को सौंपे जा चुके हैं। बैठक के दौरान सादाबाद क्षेत्र के गौ सेवकों और गौ भक्तों में अभियान को लेकर उत्साह नजर आया। उपस्थित लोगों ने कहा कि गौ माता के सम्मान और संरक्षण से जुड़े इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रयास किए जाएंगे। साथ ही 14 दिसंबर को अधिक से अधिक संख्या में लखनऊ पहुंचकर अपनी मांग को मजबूती से रखने का निर्णय लिया गया। बैठक में त्यागी बाबा, रेखा राना, कौशलेंद्र चौहान, लव कुश, मयंक, कृष्णकांत शर्मा, शकुंतला गौतम, छोटू पंडित, मयंक तिवारी, शिवम चौधरी, प्रांजल गौतम और विपिन लाडला सहित बड़ी संख्या में गौ सेवक एवं गौ भक्त मौजूद रहे। बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने गौ सम्मान आवाहन अभियान को सफल बनाने और अधिक से अधिक गौ सेवकों एवं गौ भक्तों को 14 दिसंबर को लखनऊ पहुंचने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
INPUT – AMIT SHARMA











